Ticker

6/recent/ticker-posts

मनौरी पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट कांड, पच्चास हजार के इनामी शकील के मकान पर चला बुलडोजर...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को PDA और प्रशासन की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील अहमद पुत्र निजामुद्दीन के पुराने मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे इलाके में हड़कंप मचा रहा। बताया गया कि मनौरी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में शकील अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने पहले उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बढ़ाकर अब 50 हजार रुपये कर दिया गया है। शकील अहमद को मामले के मुख्य आरोपी रहे आदिल अहमद का चाचा बताया जा रहा है।

शुक्रवार को PDA अधिकारी गंगेश सिंह और चायल एसडीएम प्रेरणा गौतम के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ शकील अहमद के पुराने मकान पर पहुंचा। टीम के पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत बुलडोजर से मकान का ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। कुछ ही देर में पूरा मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। गौरतलब है कि मनौरी स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल और प्रभावित हुए थे। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन लगातार आरोपियों की तलाश, गिरफ्तारी और उनके ठिकानों की जांच में जुटा है।

आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के साथ अब प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। शकील अहमद के मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों और उनसे जुड़े ठिकानों पर भी प्रशासन की कार्यवाही जारी रह सकती है।

Post a Comment

0 Comments