Ticker

6/recent/ticker-posts

यमुना में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम, महेवाघाट पुल के नीचे हुआ हादसा...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम यमुना नदी में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के मुताबिक महेवाघाट गांव निवासी शनि (10) वर्ष, करन (8) वर्ष पुत्र राजेश कुमार और बृजेंद्र कुमार (12) वर्ष पुत्र सोनू शनिवार शाम करीब पांच बजे महेवाघाट पुल के नीचे यमुना नदी में स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए। तीनों बच्चों के नदी में डूबने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई गई।

काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments