Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, भारी मात्रा में पटाखे और बारूद बरामद...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जिले में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सरायअकिल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पटाखे और बारूद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को सरायअकिल पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रसूलपुर टप्पा मोड़ के पास रहमान मार्केट में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सलमान पुत्र फारूक निवासी बुद्धपुरी, थाना सरायअकिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18 कार्टून पटाखे और आठ किलोग्राम बारूद बरामद किया गया। इसके अगले दिन 5 सितंबर को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खरका स्थित मन्नत मैरिज हॉल के पास एक मकान में छापेमारी की।

यहां से पुलिस ने तालिब पुत्र केशर निवासी बुद्धपुरी, थाना सरायअकिल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 26 प्लास्टिक की बोरियों में अवैध पटाखे और 11 किलोग्राम बारूद बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments