Ticker

6/recent/ticker-posts

जन्माष्टमी पर अंबेडकर पाठशाला में हुआ फल वितरण,कला प्रतियोगिता के बच्चों को किया गया सम्मानित...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में चरखारी कस्बे के मोहल्ला रूपनगर और खंदिया में संचालित निःशुल्क डॉ. अंबेडकर पाठशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पाठशाला में अध्ययनरत बच्चों को फल वितरित किए गए। साथ ही जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कला प्रतियोगिता के मेधावी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पुलिस के बाबूलाल राठौर एवं विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता प्रमोद चौबे, फाउंडेशन के महासचिव राहुल यादव तथा डायरेक्टर इंद्र कुमार कुशवाहा ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान रामदयाल रैकवार, पाठशाला संचालक मनीष कुमार, आशीष कुमार, सचिन बघेल, विनय सहित फाउंडेशन के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कला प्रतियोगिता में छात्रा दीपिका ने प्रथम, इच्छा ने द्वितीय और खुशबू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी एवं प्रतिभागी बच्चों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि बाबूलाल राठौर ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी। वहीं अधिवक्ता प्रमोद चौबे ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताओं की जानकारी बच्चों को दी।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना और अधर्म के नाश के लिए अवतार लिया था। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कथाएं सुनाईं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही। अंत में सभी बच्चों को फल वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Post a Comment

0 Comments