Ticker

6/recent/ticker-posts

मूरतगंज का ऐतिहासिक जन्माष्टमी मेला सम्पन्न, सीओ चायल के नेतृत्व में पुलिस रही मुस्तैद...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज स्थित राम-जानकी मंदिर पक्का तालाब परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मेला शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हो गया। मेले में मूरतगंज क्षेत्र के सैकड़ों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महिलाओं, बच्चों, युवाओं और किसानों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौने, गुड़ की जलेबी और घरेलू सामान की दर्जनों दुकानें सजी रहीं। मीना बाजार में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने खिलौने खरीदे और झूलों का आनंद लिया। मेले में गुब्बारे और खान-पान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ चायल शिवांक सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहा। संदीपन घाट थाना प्रभारी एनके नागर हमराहियों के साथ मेला क्षेत्र में निगरानी करते रहे। वहीं मूरतगंज चौकी प्रभारी कुमार शकरम पुलिसकर्मियों के साथ शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहे। महिला आरक्षियों समेत पुलिस के जवानों की मेला क्षेत्र में जगह-जगह तैनाती की गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने भी देर रात मेला पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजस्व विभाग की ओर से प्रभारी कानूनगो पवन राय भी मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते नजर आए। इसके अलावा एलआईयू और गोपनीय शाखा की टीमें भीड़, झांकियों और अन्य गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रहीं। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का मेला शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments