Ticker

6/recent/ticker-posts

मासूम की मौत के बाद स्टार केयर अस्पताल सीज, बिना पंजीकरण इलाज का आरोप...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के चायल कस्बे में संचालित स्टार केयर हॉस्पिटल में 15 माह के मासूम की इलाज के दौरान मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पताल बंद मिला और मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था। टीम ने अस्पताल की दीवार पर नोटिस चस्पा करने के साथ ही अस्पताल को सीज कर दिया। जानकारी के मुताबिक, कुरई ऊपरहार निवासी मुकेश कुमार पासी अपने 15 माह के बेटे सूरज को गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गंभीर हालत में स्टार केयर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, कई घंटे इलाज चलने के बाद मासूम की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार, 4 सितंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. ललित, डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक मौर्या और सीएचसी प्रभारी चायल डॉ. संजय कुमार की टीम जांच के लिए स्टार केयर हॉस्पिटल पहुंची। हालांकि, अस्पताल बंद मिला। मुख्य द्वार पर ताला लगा होने के कारण टीम ने अस्पताल के बाहर नोटिस चस्पा किया और सीज करने की कार्रवाई की। CMO के नोटिस में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। नोटिस में बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं संचालित किए जाने, बिना चिकित्सीय योग्यता के चिकित्सा व्यवसाय किए जाने तथा निरीक्षण के दौरान योग्य चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक से नोटिस मिलने के तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले में एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। मासूम की मौत के बाद हुई इस कार्यवाही ने जिले में संचालित अन्य निजी अस्पतालों की निगरानी और उनके पंजीकरण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पंजीकरण संचालित होने वाले अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग को नियमित रूप से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़ी घटना के बाद ही विभाग को सक्रिय होने की स्थिति न आए।

Post a Comment

0 Comments