Ticker

6/recent/ticker-posts

कचहरी परिसर से बाइक चोरी कर गैराज में काटते थे पार्ट्स, पुलिस ने किया गिरफ्तार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मंझनपुर पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, कटी हुई बाइकों के पार्ट्स, सात हजार रुपये नकद और चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य मंझनपुर कचहरी परिसर को निशाना बनाकर बाइक चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को अषाढ़ा चौराहे के पास स्थित एक गैराज में छिपाकर रखा जाता था। यहां बाइकों को काटकर उनके अलग-अलग पार्ट्स कर दिए जाते थे। इसके बाद इन पार्ट्स को दूसरी मोटरसाइकिलों में लगाकर बेचने का काम किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफसार अहमद, मोहम्मद आसिफ, अमजद और सूरज उर्फ हरिओम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 24, 25, 27 और 29 अगस्त को मंझनपुर कचहरी परिसर से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments