रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : चिल्ला शहबाजी पटाखा फैक्टरी विस्फोट कांड में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने नामजद आरोपी शकील को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शकील की तलाश में पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने अपनी करतूत के लिए माफी मांगते हुए गिड़गिड़ाता नजर आया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखे और विस्फोटक तैयार करने की बात स्वीकार की है। मामले में पुलिस नामजद आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि पटाखा फैक्टरी विस्फोट कांड के आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जा रही है, जो भविष्य में नजीर बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले अवैध पटाखा और विस्फोटक कारोबारियों के खिलाफ पुलिस किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरतेगी।
बताया गया कि भीषण विस्फोट में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें नौ बालक-बालिकाएं शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया था। एसपी ने बताया कि घटना में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अवैध विस्फोटक कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments