रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद महोबा के कम्युनिटी गार्डन में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 87 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष महोबा डॉ. संतोष चौरसिया, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, जिला विकास अधिकारी पंकज यादव तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण और मंगलमय रहा। विवाह की रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरी कराई गईं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना और शादी के दौरान परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। योजना के माध्यम से सामूहिक सहभागिता, सामाजिक समरसता और समानता की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।
प्रति जोड़ा एक लाख रुपये व्यय का प्रावधान...
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि, उपहार सामग्री के लिए 21 हजार रुपये तथा विवाह समारोह के आयोजन के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित हैं। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नवविवाहित जोड़ों के सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
0 Comments