Ticker

6/recent/ticker-posts

डीएम प्रभास कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण, मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने के दिए निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 


महोबा : बंद पड़ी पचपहरा मंडी को पुनः संचालित कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने पचपहरा मंडी परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी को पुनः स्थापित एवं सुचारु रूप से संचालित किए जाने की संभावनाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, दुकानों, सड़कों समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मंडी के पुनर्संचालन के लिए आवश्यक कार्ययोजना और अब तक की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने कहा कि मंडी के दोबारा संचालित होने से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

साथ ही कृषि उपज के क्रय-विक्रय को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मंडी की सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही मंडी को चरणबद्ध तरीके से पुनः सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी के पुनर्संचालन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments