रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर ग्राम पंचायत में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती शादी से इनकार किए जाने से नाराज होकर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। युवती के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। मिली जानकारी के अनुसार, सराय अकिल थाना क्षेत्र के डहिया गांव निवासी सुखलाल की पुत्री अनूपा की करीब पांच वर्ष पूर्व सराय अकिल निवासी अवधेश कुमार पुत्र रामचन्द्र के साथ सगाई हुई थी। बताया जाता है कि अवधेश के जीजा राजू निवासी कोटिया के यहां पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान अवधेश द्वारा अपनी होने वाली पत्नी अनूपा से कही गई किसी बात की रिकॉर्डिंग राजू ने अवधेश को भेज दी। इसके बाद अवधेश ने अनूपा से शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी से इनकार किए जाने से नाराज अनूपा शनिवार को मखऊपुर गांव में ग्राम न्यायालय परिसर के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई और काफी देर तक हंगामा करती रही। मौके पर पहुंची पिपरी पुलिस ने युवती को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह टंकी से उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला कांस्टेबल वंदना भारद्वाज और उपनिरीक्षक सरिता शिकारी ने साहस का परिचय दिया।
दोनों पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए टंकी पर चढ़कर युवती को संभाला और काफी समझाने-बुझाने के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और महिला पुलिसकर्मियों के साहसिक प्रयास से संभावित हादसा टल गया। युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
0 Comments