रिपोर्ट-इंद्रजीत कुमार
प्रयागराज : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हरियारा कटहुला गौसपुर गांव में मुर्गी के घर में घुसने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक महिला को लाठी-डंडों से जमकर पीटा और लोहे की रॉड से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई। गांव निवासी मनीष पुत्र रामलाल ने अधिकारियों को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पड़ोसी मटरू पुत्र स्वर्गीय सुखलाल घर पर मुर्गी पालन करते हैं। 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब चार बजे पड़ोसी की एक मुर्गी उसके घर में घुस आई। इस पर उसकी मां लालती देवी ने मुर्गी को बाड़े में रखने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर मटरू गाली-गलौज करने लगा। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद मटरू ने अपने परिवार के छोटू उर्फ ननका, गुड्डू, सुड्डू और सुखरानी को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर लालती देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान गुड्डू ने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। बीच-बचाव करने पहुंचे मनीष के साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि महिला को गंभीर हालत में छोड़कर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल लालती देवी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़ित मनीष का आरोप है कि स्थानीय एयरपोर्ट थाने में शिकायत देने के बावजूद उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसने उच्चाधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
0 Comments