Ticker

6/recent/ticker-posts

शीतलहर से बचाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन, रैन बसेरों और गौशालाओं में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : आगामी शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने ठंड से बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों तथा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शीतलहर शुरू होने से पहले रैन बसेरों, अलाव और गौशालाओं में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई के साथ पर्याप्त बिस्तर, कंबल, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। इसके अलावा प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थलों पर जरूरत के अनुसार अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, गोवंश को शीतलहर से सुरक्षित रखने के लिए जनपद की सभी गौशालाओं में पर्याप्त तिरपाल, पर्दे, सुरक्षित आश्रय स्थल, उचित बिछावन, स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में आमजन और गोवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी जनहित और गोवंश संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व इन्द्र नंदन सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन सिंह सहित नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments