रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने सोमवार को जनपद में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से अब तक पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति तथा निर्धारित मानकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए। निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रामा सेंटर का निर्माण जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के साथ ही भवन में मरीजों और तीमारदारों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से विकसित की जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न करने को कहा। निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
0 Comments