रिपोर्ट-राकेश मिश्रा
कौशाम्बी: जनपद के चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरीदपुर सुलेम में सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 53 वर्षीय महिला की जान चली गई। मृतका सीमा देवी पत्नी रामराज साहू गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर के आंगन में काम कर रही थीं, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन हालत बिगड़ने पर देर रात उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किया, मगर शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे सीमा देवी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सीमा देवी एक गरीब और भूमिहीन परिवार से थीं। पति रामराज साहू दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह घर चला रहे थे। उनके दो बेटे, शुभम (21) और सौरभ साहू (25), अभी भी मां-बाप के सहारे ही जीवनयापन कर रहे थे।
गांव के लोगों और रिश्तेदारों का कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिला होता तो शायद सीमा देवी की जान बच सकती थी। यह घटना न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, बल्कि अंधविश्वास और जागरूकता की कमी को भी उजागर करती है, जहां आज भी लोग झाड़-फूंक जैसी पारंपरिक विधियों पर निर्भर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि इस दुखद समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
0 Comments