रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव के मजरा रामदयालपुर में मंगलवार सुबह एक युवक ने घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर खुद को गोली मार ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, रामदयालपुर निवासी धर्मपाल सिंह के पांच बेटे दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका सबसे छोटा बेटा जयबाबू (30 वर्ष) छह वर्ष पूर्व अपने ही गांव की करिश्मा, पुत्री संजीत सिंह, से प्रेम संबंध में था। करिश्मा की पहले शादी फतेहपुर जनपद के छीमी पुरैन गांव के पंकज सिंह से हुई थी, लेकिन बाद में वह पति का घर छोड़कर जयबाबू के साथ दिल्ली में रहने लगी। करीब दो महीने पहले दोनों ने गांव लौटकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। विवाह के बाद करिश्मा के पहले पति से बातचीत करने पर दंपति के बीच विवाद बढ़ गया। इसी से परेशान होकर दोनों अलग हो गए और करिश्मा अपने पहले पति के पास लौट गई। बाद में दोनों में फिर से बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद वह दो दिन पूर्व दिल्ली में जयबाबू के पास पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वहीं किसी बात को लेकर फिर से दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद जयबाबू गुस्से में गांव लौट आया।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में उसने पिता की दो नली बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसका सिर और चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही घर में कोहराम मच गया। गांव वालों की सूचना पर सीओ चायल अभिषेक सिंह और इंस्पेक्टर चरवा महेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, युवक ने आत्महत्या की है, जांच की जा रही है।
0 Comments