Ticker

6/recent/ticker-posts

ईआईपीआर टीम की बड़ी कार्यवाही, पकड़ा गया नकली केमिकल का जखीरा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


कौशाम्बी : जनपद कौशाम्बी के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास नकली केमिकल के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। ईआईपीआर टीम और कोखराज पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में भारी मात्रा में नकली केमिकल बरामद किया गया है। कार्यवाही के दौरान नकली केमिकल से भरी कुल 83 बाल्टियां जब्त की गईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईआईपीआर टीम के अधिकारी पीयूष श्रीवास्तव एवं देवेन्द्र सिंह को लंबे समय से क्षेत्र में नकली केमिकल की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर कोखराज पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नकली केमिकल बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बरामद केमिकल का इस्तेमाल औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपयोग के नाम पर किया जा रहा था, जो जनस्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। केमिकल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि इसकी गुणवत्ता और नुकसान के स्तर का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की तलाश तेज कर दी गई है। इस सख्त कार्रवाई से नकली केमिकल के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं क्षेत्रवासियों ने पुलिस और प्रशासन की इस कार्यवाही की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अवैध धंधों पर कड़ी निगरानी और लगातार कार्यवाही की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments