ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में थाना पूरामुफ्ती पुलिस ने चोरी के दो मामलों में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी सहित पीली, सफेद, पीतल व तांबे की धातु से बने कई चोरी के सामान बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार थाना पूरामुफ्ती में पंजीकृत मु0अ0सं0-05/2026 व मु0अ0सं0-08/2026 से संबंधित अभियुक्त अरुण कुमार पुत्र ननकू निवासी अहमदपुर पावन थाना पूरामुफ्ती जनपद प्रयागराज (उम्र लगभग 20 वर्ष) को 16 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कुसुवां फाटक के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से मु0अ0सं0-05/2026 से संबंधित एक पीली धातु का लॉकेट, एक सफेद धातु की पायल एवं 1720 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं मु0अ0सं0-08/2026 से संबंधित पीतल व तांबे की धातु से बने पूजा-पाठ के सामान बरामद हुए, जिनमें तीन टुकड़ों में टूटा घंटा, चार टुकड़ों में टूटा तांबे का सांप, पांच टुकड़ों में टूटी घंटी, चार टुकड़ों में टूटी तांबे की थाली, मुड़ी हुई अवस्था में तांबे की लुटिया तथा एक पीतल की प्लेट शामिल है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों अभियोगों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक हंसराज सिंह, उप निरीक्षक संजीव कुमार चौधरी, कांस्टेबल राम लखन एवं कांस्टेबल आनंद मौर्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।
0 Comments