ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 09 किलो 360 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार बीती बुधवार रात्रि थाना पिपरी पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर दुल्हापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 09 किलो 360 ग्राम अवैध गांजा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजकुमार उर्फ राजू केशरवानी पुत्र स्व. राम प्रताप निवासी भगवानपुर थाना सराय अकिल, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गांजा प्रयागराज और मिर्जापुर से खरीदकर कौशाम्बी व चित्रकूट जनपद में बेचता था और उसी सिलसिले में ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना पिपरी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
0 Comments