रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में सहस्त्र श्री स्वामी गोवर्धन्नाथ जू मेला परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में पंजीकृत 96 जोड़ों में से 94 जोड़े उपस्थित रहे और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दाम्पत्य सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, भाजपा विधायक डॉ. बृजभूषण सिंह उर्फ गुड्डू राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। जयमाला और सात फेरे की रस्में मेला मंच पर संपन्न कराई गईं, जिसके बाद सभी नवदंपत्तियों को सरकार की ओर से निर्धारित उपहार भेंट कर विदा किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अक्टूबर 2017 से संचालित “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना” का उद्देश्य समाज में सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। साथ ही विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्च और दिखावे पर रोक लगाना भी योजना का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने कन्याओं को प्रोत्साहन देने के लिए विवाह हेतु एक लाख रुपये की व्यवस्था की है, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं तथा 25 हजार रुपये के घरेलू व उपयोगी उपहार प्रदान किए जाते हैं। उपहार सामग्री में कन्या के वस्त्र, वर के लिए पैंट-शर्ट व गमछा, चांदी की पायल व बिछिया, डिनर सेट, कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड, गद्दा, कंबल, मिक्सर ग्राइंडर और स्टील की टंकी सहित अन्य सामान शामिल रहे। विधायक डॉ. बृजभूषण सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार वितरित किए।
सम्मेलन में नगर पालिका परिषद चरखारी, महोबा, नगर पंचायत खरेला, कुलपहाड़, श्रीनगर समेत विभिन्न ब्लॉकों के जोड़े शामिल हुए। प्रशासन की ओर से वर-वधू पक्ष के लिए भोजन और नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख सीमा कुशवाहा, नगर अध्यक्ष इंजी. अमित पटैरिया, विधायक प्रतिनिधि उदित राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी, बीडीओ विपिन कुमार गुप्ता, एडीओ समाज कल्याण नदीम खान, एडीओ आईएसबी चेतराम वर्मा, सचिव राहुल पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
0 Comments