Ticker

6/recent/ticker-posts

तीन सौ रुपये के लिए बुजुर्ग महिला कर दी हत्या, पुलिस ने कर दिया खुलासा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मात्र 300 रुपये लूटने की नीयत से एक वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार संदीपन घाट थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव में 9 फरवरी की रात करीब 70 वर्षीय वृद्ध महिला लखपतिया की सोते समय गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने खुलासे के लिए टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए थे। एसओजी प्रभारी की टीम और संदीपन घाट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि ओम प्रकाश पटेल उर्फ छोटू पटेल पुत्र रामनरेश पटेल निवासी काजीपुर ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को सैय्यद सरावां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 9 फरवरी की शाम करीब 4 बजे वह गुटखा लेने गया था। उसी दौरान उसने देखा कि वृद्ध महिला अपनी जेब में कुछ रुपये रख रही है। तभी उसके मन में लालच आ गया। रात में वह महिला के पास पहुंचा और उसकी जेब टटोलने लगा। महिला के जागने और नाम लेकर पुकारने पर पकड़े जाने के डर से उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने महिला की जेब से 300 रुपये निकाल लिए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। महज 300 रुपये के लिए एक वृद्ध महिला की हत्या किए जाने से लोगों में आक्रोश और चिंता व्याप्त है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्यवाही कर रही है।

Post a Comment

0 Comments