Ticker

6/recent/ticker-posts

तहसील सिराथू में विधिक साक्षरता प्री कैम्प सम्पन्न, ग्यारह सौ लाभार्थी हुए लाभान्वित...

रिपोर्ट-घनशयाम कुमार 

कौशाम्बी : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के आदेश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी के तत्वावधान में शुक्रवार को तहसील परिसर सिराथू में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर हेतु प्री कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें 44 विभागों ने भागीदारी करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्री कैम्प का उद्देश्य केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा विशेष रूप से निर्बल एवं निर्धन वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक एवं अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर योजनाओं से लाभान्वित करना था। शिविर में कुल 1100 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आस्था मिश्रा ने बताया कि आगामी 22 फरवरी, 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा/वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।

इसके पूर्व जनपद की सभी तहसीलों में प्री कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके क्रम में सिराथू तहसील में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के उपरांत सचिव द्वारा तहसील परिसर में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार सिराथू सहित डिप्टी चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अख्तर अहमद खान, असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल तिलक नारायण, बार काउंसिल अध्यक्ष बालेंद्र धर द्विवेदी, पैनल अधिवक्ता अतुल श्रीवास्तव, मध्यस्थ अधिवक्ता कौशलेश द्विवेदी तथा पीएलवी अमरेन्द्र प्रताप सिंह, ओम प्रकाश तिवारी, घनश्याम, निलेश कुमार, ज्योत्सना सोनकर, सतीश सिंह, कृष्णा कपूर सहित तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्री कैम्प में जिला विकास, समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तीकरण, महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, कृषि, जलशक्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पंचायतीराज, बैंक ऋण योजनाएं, श्रम, पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, आवास, बीमा, नाबार्ड, वन, डाक, आईटीआई, नगर पालिका, नेडा, खाद्य विभाग, विद्युत वितरण सहित कुल 44 विभागों की सहभागिता रही। सभी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी प्रदान की और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

Post a Comment

0 Comments