रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव में बीती रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार सेहुड़ा गांव निवासी सूरज पुत्र सल्लू प्रजापति का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक बीती रात भी पति-पत्नी के बीच जमकर कहासुनी हुई थी। रविवार सुबह परिवार के लोगों ने बताया कि सूरज ने कमरे में बिजली के पंखे से लूंगी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि घटनास्थल की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस पंखे से युवक के लटकने की बात कही जा रही है, उसका पर और रॉड टेढ़ा नहीं था, जिससे आत्महत्या की आशंका पर संदेह जताया जा रहा है। इस पहलू को लेकर पुलिस भी जांच में जुटी हुई है।
मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिपरी पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
0 Comments