ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद के चायल तहसील क्षेत्र अंतर्गत महगांव में सोमवार को एक दिवसीय नि:शुल्क मेडिकल चेकअप एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अरशी जाफरी वार्ड नंबर-2 के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और नि:शुल्क दवाएं प्राप्त कीं। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुआ। उत्थान शंभूनाथ हॉस्पिटल की विशेष चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। टीम का नेतृत्व डॉ. शचीन्द्र वर्मा ने किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर, बुखार, त्वचा रोग सहित सामान्य बीमारियों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान डॉ. शशि प्रकाश पटेल, डॉ. मोना सिंह एवं डॉ. सचीन्द्र वर्मा ने भी मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। डॉक्टरों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड एवं हेल्थ कार्ड के माध्यम से भी अस्पताल में उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कैंप में अस्पताल में मिलने वाली विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अरशी जाफरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
संस्था के सचिव कौशल कुमार तिवारी के निर्देशन में इस प्रकार के शिविरों को बड़े स्तर पर निःशुल्क आयोजित करने की योजना है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. सैयद सईद अहमद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए संतोष व्यक्त किया।
0 Comments