Ticker

6/recent/ticker-posts

दबंग महिला पर जबरन पेड़ काटने का आरोप, किसान यूनियन ने किया थाने का घेराव...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


कौशाम्बी : जनपद में संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पट्टी परवेज़ाबाद बड़ागांव गांव में नम्बरी जमीन पर पेड़ काटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान फूलचंद ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, दिनांक 16 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच गांव की ही मंजू पुत्र नोखेलाल उसकी नम्बरी जमीन में खड़े पेड़ से लकड़ी काट रही थी। जब फूलचंद ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि विपक्षी गाली-गलौज करने लगी और कुल्हाड़ी लेकर उसे दौड़ा लिया। साथ ही जमीन खाली न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि संबंधित जमीन उसकी खतौनी में दर्ज है और विपक्षी की आसपास कोई नम्बरी जमीन नहीं है।

उसने आरोप लगाया कि विपक्षी धनबल के आधार पर दबाव बनाकर जमीन कब्जाने का प्रयास कर रही है और कहती है कि “मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता, जान प्यारी है तो जमीन छोड़ दो।” मामले को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी के नेतृत्व में संदीपन घाट थाना पहुंचे और घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने किसान के साथ हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की।

बताया जाता है कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौते का प्रयास किया, लेकिन किसान यूनियन इससे संतुष्ट नहीं है और निष्पक्ष व ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़ी है। जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी ने कहा कि यदि किसान के साथ अन्याय हुआ और प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो संगठन जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दौरान शाहिद माबूद समेत सैकड़ों किसान नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments