रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर लगभग 3 बजे नेशनल हाईवे पर थाना के ठीक सामने तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद भरवारी के चमंधा निवासी मुन्ना पुत्र दान सिंह, महमदपुर निवासी राजू भारती पुत्र जगरूप, दीपू पुत्र बिहारी, सूरज पुत्र मानसिंह, मुकेश पुत्र बनवारी लाल, गोविंद पुत्र लवकुश तथा एक अन्य व्यक्ति गुरुवार रात एक दावत समारोह से लौट रहे थे। भोर में जब उनकी स्कॉर्पियो कोखराज थाना के सामने पहुंची और भरवारी रोड की ओर मुड़ने लगी, तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस भी तत्काल पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां सभी का उपचार जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार घायलों में दीपू की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पार करते समय पर्याप्त सावधानी न बरतने के कारण हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
0 Comments