ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को गांव में प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि किसान यूनियन के नेता जालंधर पटेल के मौके पर पहुंचने के बाद मामला और गरमा गया। उनके समर्थन में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र होने लगी, जिससे तनाव बढ़ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी धूमनगंज और डीसीपी नगर भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समझाइश दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस के अनुसार, विवाद को शांत कराने के दौरान एहतियातन कार्यवाही करते हुए किसान नेता जालंधर पटेल समेत दो-तीन अन्य लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया। सभी को संबंधित धाराओं में निरुद्ध कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी और यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमा स्थापना के संबंध में दोनों पक्षों से बातचीत कर विधिसम्मत समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
0 Comments