Ticker

6/recent/ticker-posts

सिरियावां चौराहे के पास दंपत्ति से लूट का खुलासा, तमंचा कारतूस समेत तीन आरोपी गिरफ्तार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 


कौशाम्बी : जनपद में थाना चरवा क्षेत्र के सिरियावां चौराहे के पास मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नगदी समेत लूट का सामान बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को रमेश सिंह निवासी ग्राम सैय्यद सरावां थाना चरवा ने तहरीर देकर बताया था कि वह भोर करीब 4 बजे अपनी पत्नी के साथ करारी क्षेत्र के गुलामीपुर से दावत खाकर घर लौट रहे थे। सिरियावां चौराहे से पहले दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें रोक लिया और पत्नी के पहने हुए जेवर, मोबाइल फोन तथा 1000 रुपये छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना चरवा में मु0अ0सं0 24/2026 धारा 352/309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चरवा व एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ एवं सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में 27 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तेहरमील से सैय्यद सरावां की ओर जा रहे संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संजय पुत्र विरेन्द्र, आशू पुत्र भीम तथा अलमान उर्फ अरमान पुत्र परवेज अहमद, निवासी मन्दर देह माफी थाना पूरामुफ्ती जनपद प्रयागराज बताए।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक जोड़ी चांदी की पायल, महिला का बैग, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन, 26,200 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे असवां चौराहे पर लूट की नीयत से रेकी कर रहे थे। दंपत्ति को देखकर उनका पीछा किया और सिरियावां कला चौराहे के पास ओवरटेक कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

लूटे गए सोने के झुमके बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली थी। प्रत्येक के हिस्से में 12-12 हजार रुपये आए थे, जिनमें से कुछ खर्च हो चुके हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार अन्य साथी की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments