ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में भ्रष्टाचार निवारण संगठन एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए सोरांव तहसील में तैनात राजस्व लेखपाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सहयोग के आरोप में एक महिला लेखपाल को भी गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लाई आनापुर थाना नवाबगंज निवासी अभयराज यादव पुत्र शंकरलाल यादव ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि सोरांव तहसील में तैनात लेखपाल राजशेखर सिंह उनकी नानी श्रीमती प्रभु देवी द्वारा धारा 67 (ए) 1 उ0प्र0 राजस्व संहिता 2006 के अंतर्गत दाखिल प्रकरण में आख्या लगाने तथा मकान निर्माण न रुकवाने के एवज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की 14 सदस्यीय टीम ने निरीक्षक अलाउद्दीन अंसारी के नेतृत्व में जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर करीब 1:20 बजे शिवा शूज हब, शिवपुर मलाका लखनऊ रोड के पास ट्रैप के दौरान लेखपाल राजशेखर सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
इस दौरान लेखपाल जूही मिश्रा, जो टिकरी क्षेत्र सोरांव में तैनात हैं, को भी सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में थाना शिवकुटी कमिश्नरेट प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल प्रयागराज मंडल के मोबाइल नंबर 9454402490 अथवा मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम के नंबर 9454402484 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके।
0 Comments