ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अकबरपुर सल्लाहपुर गांव की एक महिला ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी और बैंक कर्मचारियों द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर सल्लाहपुर निवासी फल्कनात पत्नी मोहम्मद जमील का 40 हजार रुपये का लोन खाता वेदासिनि फेडरेशन कथित ऋण बैंक की शाखा, बिहका रोड पूरामुफ्ती में चल रहा था, जिसे उन्होंने ब्याज सहित चुका दिया था। आरोप है कि इसी दौरान बैंक से जुड़े एजेंट नितेश प्रताप, जो कई महिलाओं का समूह बनाकर उनसे लोन की किस्तें जमा कराता था, ने महिला से 60 हजार रुपये का नया लोन दिलाने का झांसा दिया। महिला के अनुसार एजेंट ने इस काम के लिए उससे 11 हजार रुपये नगद ले लिए। कई महीने बीत जाने के बाद जब वह बैंक शाखा पहुंची तो पता चला कि एजेंट नितेश प्रताप फरार हो गया है और लोन की कोई प्रक्रिया नहीं हुई है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उसने बैंक शाखा में मौजूद कर्मचारियों से इस संबंध में शिकायत की तो कर्मचारियों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की कर उसे बाहर निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि लोन और पैसे को भूल जाओ, नहीं तो घर गिरवा दिया जाएगा। इस घटना से परेशान महिला ने अधिकारियों से शिकायत कर संबंधित एजेंट और बैंक कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की मांग की है।
0 Comments