Ticker

6/recent/ticker-posts

अब घर बैठे करें एलपीजी सिलेंडर बुकिंग, व्हाट्सएप, एसएमएस और मोबाइल ऐप से मिलेगी सुविधा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

लखनऊ : सरकार द्वारा घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया को और अधिक आसान और सुविधाजनक बना दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पर जाकर लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए कई डिजिटल और सरल माध्यम उपलब्ध कराए हैं, जिनकी मदद से उपभोक्ता घर बैठे ही अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। तेल कंपनियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घरेलू एलपीजी उपभोक्ता अब व्हाट्सएप, एसएमएस/आईवीआरएस और संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इस सुविधा से उपभोक्ताओं का समय बचेगा और अनावश्यक भीड़ से भी राहत मिलेगी।

व्हाट्सएप के माध्यम से बुकिंग करने के लिए उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक नंबर पर संदेश भेजना होता है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते ही उनकी बुकिंग दर्ज हो जाती है। वहीं एसएमएस या आईवीआरएस सेवा के जरिए भी उपभोक्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके अलावा इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस जैसी कंपनियों के मोबाइल ऐप भी उपलब्ध हैं, जिनमें लॉगइन कर उपभोक्ता आसानी से गैस बुकिंग, डिलीवरी की स्थिति और भुगतान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

तेल कंपनियों का कहना है कि इन सुविधाओं का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा प्रदान करना और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देना है। इससे पारदर्शिता भी बढ़ेगी और बुकिंग प्रक्रिया तेज और सरल बनेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इन डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि गैस एजेंसियों पर भीड़ कम हो और सभी को समय पर गैस सिलेंडर की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

0 Comments