रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में थाना सैनी पुलिस ने टप्पेबाजी कर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 हजार रुपये नकद तथा अखबारी कागज से तैयार की गई नोटनुमा गड्डी बरामद की है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को सिराथू निवासी अमृत लाल, 9 मार्च 2026 को बदलेपुर निवासी साविता देवी तथा 1 मार्च को बांदा जनपद के नरैनी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ बैंक से पैसा निकालने के बाद टप्पेबाजी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में दो मुकदमे थाना सैनी में दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी, जबकि एक मामला बांदा के नरैनी थाने में दर्ज हुआ था। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजा सोनकर निवासी कानपुर नगर, दीपू उर्फ साजन निवासी फतेहपुर और वीरेंद्र निवासी कानपुर नगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजा सोनकर के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, नकबजनी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीपू सोनकर के खिलाफ 16 तथा वीरेंद्र के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बैंक के आसपास रेकी करते थे और पैसा निकालकर आने वाले लोगों को झांसे में लेकर असली नोटों के बदले अखबार से बनी नकली गड्डी थमा कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
0 Comments