ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट गांव में खेत में जबरन रास्ता बनाने का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर घाट निवासी शिव देवी पत्नी शिव मोहन पासी के खेत में गेहूं की हरी फसल खड़ी है। आरोप है कि गांव के ही अध्धाइन पत्नी गुलशन, विमलेश निषाद पुत्र गुलशन, रजीत निषाद पुत्र पोली, अंकुर निषाद पुत्र सीताराम तथा उनके परिवार के चार-पांच अन्य अज्ञात लोग जबरन खेत की फसल खराब कर उसमें से रास्ता बना रहे थे।
पीड़िता के अनुसार उसने रास्ता बंद कर दिया तो आरोपित लोग शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे खेत पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसके साथ लात-घूसों से मारपीट कर दी, जिससे वह जमीन पर गिर गई। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उसे अंदरूनी चोटें आई हैं।
पीड़िता ने पूरामुफ्ती थाने में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments