Ticker

6/recent/ticker-posts

अज्ञात बाइक की टक्कर से युवक की हालत गंभीर, हॉस्पिटल में चल रहा इलाज...

रिपोर्ट-घनश्याम कुमार 

प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बम्हरौली शिवाला के पास जीटी रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक की पहचान लवकुश यादव उर्फ जग्गा पुत्र स्वर्गीय जलांधर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक तेज गति से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बाइक सवार की पहचान की जा सके। वहीं, हादसे के शिकार युवक के भाई ने थाना पूरामुफ्ती में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments