Ticker

6/recent/ticker-posts

जायदाद के लालच में ससुर-जेठ बने कातिल, दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में थाना चरखारी क्षेत्र के ग्राम कुरौराडांग में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ससुर और जेठ ने जायदाद के लालच में अपनी ही विधवा बहू की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक महोबा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मदारन देवी मंदिर के पास भागने की फिराक में छिपे हुए हैं। इस पर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, एसआई संजय सिंह, हेड कांस्टेबल श्याम यादव सहित पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी दयाराम पुत्र कालीदीन और उसके पुत्र कीरत को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने मिलकर सुखदेवी पर लोहे की रॉड से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मृतका के पति की करीब एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद ससुर और जेठ की नजर उसकी कृषि भूमि पर थी। इसी जायदाद के विवाद में दोनों ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ मु.अ.सं. 43/26 धारा 103(1)/352 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments