रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पभोसा घाट पर शुक्रवार को साथियों के साथ यमुना नदी में नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र का रहने वाला रंजीत अपने पांच साथियों के साथ बाइक से पभोसा यमुना घाट नहाने गया था। सभी युवक नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक रंजीत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों की सूचना पर पश्चिम शरीरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। करीब दो घंटे बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments