ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली उपहार गांव में एक दरवाजे के विवाद को लेकर महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही कई लोगों पर कुल्हाड़ी, सब्बल और लाठी-डंडों से मारपीट करने तथा मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस से कार्यवाही की मांग की गई है। मिली जानकारी के अनुसार बम्हरौली उपहार निवासी शीला देवी पत्नी अनिल कुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह बुधवार को खेत की तरफ गई थीं। इसी दौरान गांव के ही रामप्रसाद पुत्र रामदास, रामबाबू पुत्र सजनलाल, उमेश, नरेश और बंटू समेत कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि जमीन की तरफ दरवाजा खोलने के विवाद को लेकर सभी लोगों ने गाली-गलौज करते हुए कुल्हाड़ी, सब्बल और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि शोर सुनकर जब परिवार के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा, जिससे कई लोग घायल होकर बेहोश हो गए। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि हम किसान यूनियन के अध्यक्ष हैं। थाना पुलिस हमारी जेब में रहती है, तुम लोग हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के घर पर कई लोग मौजूद हैं। जिससे पूरा पीड़ित परिवार दहशत में है।
घटना 7 मई 2026 दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
0 Comments