रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के मंझनपुर थाना क्षेत्र के छत्तूपुर गांव के पास रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार नारा गांव निवासी राम नरेश कोरी को उनके पुत्र ने किसी बात को लेकर गोली मार दी। गोली लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी पुत्र तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सतनारायण प्रजापत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। एसपी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि पिता को गोली मारने के पीछे के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल घायल राम नरेश कोरी का प्रयागराज में इलाज जारी है। जबकि पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
0 Comments