Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रधान पति पर सरकारी चकरोड पर कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने की डीएम से शिकायत...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जिले की डहिया ग्राम सभा में सरकारी चकरोड पर कथित कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान पति एवं उनके पुत्रों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता रवि शुक्ल, श्री श्याम शुक्ला, घनश्याम शुक्ला के अनुसार ग्राम प्रधान पति ओम प्रकाश शुक्ला तथा उनके पुत्र श्रावण शुक्ल और संदीप शुक्ल ने गांव के सरकारी चकरोड को खोदकर अपने खेत में मिला लिया है। आरोप है कि इससे ग्रामीणों के आवागमन में भारी दिक्कतें उत्पन्न हो गई हैं और लोगों को आने-जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित का कहना है कि जब उसने इस कार्य का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि भय के माहौल के कारण ग्रामीण खुलकर विरोध करने से बच रहे हैं।

मामले को लेकर पीड़ित ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी चकरोड को अतिक्रमण मुक्त कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। मामले में आरोपित पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments