Ticker

6/recent/ticker-posts

दलित चौपाल में सामाजिक समरसता पर जोर, सांसद अरुण भारती ने किया संबोधित...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गुरुवार को दनियालपुर में दलित चौपाल, सामाजिक समरसता भोज, निःशुल्क स्वास्थ्य मेला एवं कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुख्य सचेतक एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद अरुण भारती ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि दलित चौपाल केवल एक बैठक नहीं, बल्कि समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच है। उन्होंने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के उत्थान का मूल मंत्र है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और समाज में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

सांसद अरुण भारती ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार और वोट की ताकत प्रदान की है। दलित एवं वंचित समाज के उत्थान के लिए संचालित छात्रवृत्ति, कौशल विकास और आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा लोगों को इनके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि गांव और समाज के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा तथा जाति के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र कुमार मुन्ना तथा आयोजक राजीव पासी, प्रदेश अध्यक्ष, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में सामाजिक समरसता, शिक्षा और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments