ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार नेवादा गांव में मौरंग डंप के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में हाल की बारिश के कारण पानी भर गया था। इसी पानी भरे गड्ढे के पास खेलते समय दीपांशु और आदित्य नामक दो बच्चे हादसे का शिकार हो गए। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों और ग्रामीणों ने मौरंग डंप संचालक की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची सराय अकिल पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
0 Comments