Ticker

6/recent/ticker-posts

सैय्यद सरावां में किसान यूनियन की लगी सदस्यता चौपाल, किसानों की समस्याओं पर उठाई गई आवाज...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी‌ : सैय्यद सरावां गांव में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ग्रुप) द्वारा सदस्यता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए संघर्ष का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। चौपाल को संबोधित करते हुए अनुज सिंह ने कहा कि किसानों और मजदूरों से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने बुजुर्गों की 60 वर्ष पेंशन, विधवा पेंशन, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने तथा क्रय केंद्रों पर बिचौलियों की सक्रियता जैसे मुद्दे उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्रय केंद्रों पर किसानों और मजदूरों का धान उचित मूल्य पर नहीं खरीदा जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अनुज सिंह ने पुलिस प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कई बार निर्दोष किसानों और मजदूरों के खिलाफ अनावश्यक रूप से धारा 151 समेत अन्य मामलों में कार्रवाई की जाती है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए।

उन्होंने ग्राम पंचायतों से जुड़ी शिकायतों को भी जिला प्रशासन तक पहुंचाने की बात कही और कहा कि यदि किसानों, मजदूरों और गरीबों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। चौपाल के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें कई ग्रामीणों ने किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments