रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव निवासी निलेश उर्म (15) पुत्र ज्ञानचन्द्र उर्म रविवार सुबह बकरी चराने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि उजिहनी घाट के पास गंगा नदी में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। नदी में स्नान कर रहे लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।
परिजनों के अनुसार निलेश कक्षा नौ का छात्र था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि मलमास के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ डूबने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम, लाइफ जैकेट, चेतावनी संकेतक और पुलिस की नियमित निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके और समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
0 Comments