रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के धनपरा गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मिली जानकारी के अनुसार धनपरा गांव निवासी बुधराम (28) पुत्र धर्मवीर हापुड़ जनपद में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह करीब 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आया था। परिजनों के मुताबिक बुधराम की शादी पास के बंधवा गांव में तय थी और आगामी 8 जुलाई को उसका विवाह होना था। सोमवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे, तभी गांव के बाहर स्थित एक बाग में पेड़ से डोरी के सहारे युवक का शव लटका दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
करारी थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
0 Comments