रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जिले के एक गांव का युवक अपने साथियों के साथ गंगा नदी में मछली पकड़ने गया था, जो संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक के गंगा में डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी है। मिली जानकारी के अनुसार विजय पुत्र बुधई लाल नामक युवक सोमवार रात अपने साथियों ननकू और शिवलोचन के साथ गंगा नदी में मछली पकड़ने गया था। साथियों के मुताबिक रात में मछली पकड़ने के बाद नाव को किनारे खड़ा कर सभी लोग वहीं सो गए थे। मंगलवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो विजय नाव पर मौजूद नहीं था। इसके बाद दोनों साथियों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तलाश में असफल रहने पर ननकू और शिवलोचन विजय के घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बेटे के गंगा में डूबने की आशंका की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा खोजबीन जारी है।
0 Comments