Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रेम विवाह की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने आठ घंटे बाद सकुशल उतारा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बिहका रोड स्थित सोलह मार्केट के पीछे बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़े युवक को पुलिस ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल नीचे उतार लिया। बारिश के बीच चले रेस्क्यू अभियान के बाद रात करीब 8:30 बजे युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार युवक प्रेम विवाह की जिद को लेकर टावर पर चढ़ गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पूरे दिन पुलिस और परिजन युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने मामले में एक विशेष प्रयास करते हुए नारी निकेतन में रह रही युवती से फोन पर बात कराई। लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती की आवाज युवक तक पहुंचाई गई। युवती ने उसे सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। इसके बाद युवक मान गया और रात करीब 8:30 बजे स्वयं टावर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर भोजन उपलब्ध कराया और आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। 

जानकारी के लिए आपको बताते चलें कि युवक की पहचान उदित (17 वर्ष), पुत्र भइया लाल, निवासी फुलवा, थाना एयरपोर्ट, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवक एक युवती को लेकर घर से चला गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया, जबकि युवक को समझाइश के बाद छोड़ दिया गया था। बताया जाता है कि युवक युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा था। इसी बात को लेकर वह पूरामुफ्ती स्थित 16 मार्केट परिसर में लगे बंद पड़े पुराने टावर पर चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। थानाध्यक्ष पूरामुफ्ती ने युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में पुलिस ने उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया। युवक की मां बेला देवी ने बताया कि बेटे की हरकतों से परिवार पिछले तीन महीने से परेशान है और अब यह स्थिति पैदा हो गई थी। फिलहाल युवक के सकुशल नीचे उतरने पर पुलिस प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

0 Comments