रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज स्थित पक्का तालाब में बुधवार दोपहर नहाने के दौरान 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, जिलापर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार का 13 वर्षीय पुत्र केशव अपने कुछ दोस्तों के साथ मूरतगंज के पक्का तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही संदीपन घाट पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने किशोर के शव को तालाब से बाहर निकाला।
आनन-फानन में उसे मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
0 Comments