ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : मऊआइमा थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्रेम प्रसंग का मामला उस समय हाई प्रोफाइल ड्रामे में बदल गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक ने ऐलान किया कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। मिली जानकारी के अनुसार, मऊआइमा क्षेत्र के रोजिहित गांव निवासी श्याम बाबू क्षेत्र में कोचिंग संचालित करता है। बताया जा रहा है कि उसकी कोचिंग में पढ़ने वाली एक युवती से उसका प्रेम संबंध था। युवक उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती और उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इससे आहत होकर युवक पिलखुवा गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही मऊआइमा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
करीब ढाई से तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने अपनी मांगों से संबंधित एक पत्र भी नीचे फेंका, जिसमें प्रेमिका से शादी कराने की मांग दोहराई गई थी। काफी देर तक चली समझाइश के बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां युवती और उसके परिजनों को बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
0 Comments