रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में मातम का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे गांव में एक पेड़ काटा जा रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक भारी डाल पास में लगे विद्युत पोल पर जा गिरी। डाल के तेज दबाव से बिजली का पोल असंतुलित होकर अचानक गिर पड़ा। पोल की चपेट में पास में खेल रहे दो मासूम बच्चे आ गए। हादसे में तीन वर्षीय प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय जानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जानवी का उपचार जारी है।
बताया गया कि दोनों बच्चे अपने ननिहाल टेंवा गांव घूमने आए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पेड़ कटान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने पर चिंता जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
0 Comments