रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : चायल ब्लॉक की ग्राम पंचायत गिरिया खालसा के मजरा मुरादपुर में सोमवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में गर्भवती महिला मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मुरादपुर निवासी रामचन्द्र की पत्नी सीमा देवी पानी भरने के लिए समरसेबुल की ओर गई थीं। इसी दौरान उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया और महिला मलबे में दब गईं। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। हादसे में सीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। अचानक हुए हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान के गिरने की घटना से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
0 Comments